June 2024




कल्याण: 

पुणे में पब तथा बारों में नाबालिगों को नशीले पदार्थ परोसने का मामला सामने आने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने नशे के खिलाफ जबरदस्त मुहिम शुरू की है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आदेश के बाद कल्याण और डोंबिवली में भी मनपा एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाकर नशे के कारोबारियों पर नकेल कसी जा रही है।

कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका की प्रशासक/आयुक्त इंदुरानी जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश के बाद शहर में अवैध बार तथा स्कूल-कॉलेज के पास नशे की बिक्री में लिप्त पान टपरियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध बार एवं गुटखा विक्रेताओं के खिलाफ ये कार्रवाई तब तक जारी रहेगी जबतक इनका  अस्तित्व ख़त्म नहीं हो जाता। शुक्रवार कल्याण स्थित विंटेज हुक्का बार पर हुई तोड़क कार्यवाही। 

उधर मनपा तथा पुलिस की कार्रवाई से अवैध कारोबारियों के बीच दहशत का माहौल है।



 


उल्हासनगर : 

राजनीति एवं समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय शिव सेना युवा सेना के कल्याण जिला सचिव विक्की भुल्लर रमाकांत चव्हाण ऑटो रिक्शा चालक मालक यूनियन के उल्हासनगर शहर अध्यक्ष बने हैं। कोंकण विभागीय रिक्शा टैक्सी चालक मालक यूनियन के महासचिव अप्पा कुलकर्णी तथा महासचिव जितेंद्र पवार की उपस्थिति में रमाकांत चव्हाण ऑटो रिक्शा चालक मालक यूनियन के उल्हासनगर शहर अध्यक्ष पद पर विक्की भुल्लर को नियुक्त किया गया है। इस नए पद की जिम्मेदारी मिलने पर विक्की भुल्लर को उनके शुभचिंतकों द्वारा शुभकामनाएँ दी जा रही है।





 




दिल्ली : 

एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा हैदराबाद के सांसद असुदुद्दीन ओवेसी द्वारा संसद में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जय फिलिस्तीनका नारा लगाने से मामला गरमाया हुआ है। इस बीच ह्यूमेन राइट्स एंड क्राइम कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अमित सिसोदिया ने ओवेसी के इस कृत्य के लिए उनकी सांसद की सदस्यता रद्द करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है। वहीं ह्यूमेन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलशन हरिसिंघानी ने भी श्री सिसोदिया की मांग का समर्थन किया है।  डॉ. अमित सिसोदिया ने अपने पत्र में इस बात का उल्लेख किया है कि संविधान के आर्टिकिल 102 (डी) में यह स्पष्ट उल्लेख है कि किसी अन्य राष्ट्र के प्रति आस्था प्रकट करने पर संसद की सदस्ता निरस्त की जा सकती है। इससे भारत के प्रति लोगों का मान सम्मान और बढ़ेगा। बहरहाल अब ये देखने वाली बात होगी की महामहिम इस पर क्या निर्णय लेती हैं।





 







उल्हासनगर : 

 उल्हासनगर में अनाधिकृत आर्केस्ट्रा बार के खिलाफ उल्हासनगर महानगरपालिका ने कड़ी कार्रवाई की शुरुआत की है। इसी कड़ी में गुरुवार को मनपा ने कैंप चार, श्री राम चौक परिसर में स्थित एप्पल बार, 90 बार तथा एंजल बार पर बुलडोजर और हथोड़ा चलाया।  बार की बाहर और अंदर मनपा ने जमकर हथोड़ा चलाए। 

इसके साथ ही अन्य बार मालिकों को मनपा ने नोटिस भेजा है जिससे बार व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है। उधर जिन बार मालिकों ने कागजात जमा करवाएं हैं उसकी जांच की जा रही है।  जो बार अवैध पाए जायेंगे उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने का आदेश मनपा आयुक्त/प्रशासक अजीज शेख ने चारों प्रभाग समितियों के सहायक आयुक्तों को दिया है। यहां बता दें कि शहर में 10 से 12 आर्केस्ट्रा बार है लेकिन हकीकत में ये डांस बार हैं जहां अहले सुबह तक महफ़िल सजती है और कई आपराधिक तत्वों का जमावड़ा वहां रहता है।





 


उल्हासनगर: 

हर साल मानसून से पहले मनपा प्रशासन द्वारा पेड़ों की छंटाई की जाती है ताकि पेड़ गिरने के हादसे ना हो। लेकिन इस साल जिस प्रकार से पेड़ों के गिरने के मामले सामने आ रहे हैं उससे यही लग रहा है कि मनपा द्वारा पेड़ों की छंटाई नहीं करवाई गई है या फिर ऐसे पेड़ों को चिन्हित करने में नाकाम रही जो गिर सकते है। परिणामस्वरूप २४ घंटे के अंदर शहर में पेड़ गिरने का दूसरा मामला सामने आया है। सौभाग्य से कोई हादसा नहीं हुआ। 

आपको बता दें कि मंगलवार को गोल मैदान इलाके में एक पुराना पेड़ कार पर गिर गया था। जिसके बाद अब बुधवार को फिर उल्हासनगर के कैंप तीन, अमन टॉकीज के पास एक बड़ा और पुराना पेड़ गिर गया। इस घटना में बिजली का दो खंभा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जिससे उस इलाके में छह घंटे तक बिजली बंद रही। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और मनपा के प्रभाग एक के सहायक आयुक्त अनिल खातुरानी अपनी टीम के साथ वहां आए। मनपा कर्मियों तथा फायर ब्रिगेड के जवानों ने सावधानी पूर्वक वहां से पेड़ को हटाकर रास्ते को साफ़ करवाया। खैर अभी तो मानसून अपने शबाब पर नहीं आया है लेकिन जिस प्रकार से पेड़ गिरना शुरू हुआ है उससे लोगों को अब सड़कों पर चलना खतरे से कम नहीं लग रहा है।









उल्हासनगर:

मंगलवार दोपहर उल्हासनगर में दो अलग-अलग जगहों पर हादसा हुआ। इसमें कहीं पेड़ गिरा तो कहीं बिजली का करंट लगा। ये दोनों हादसे पहली नजर में संबंधित विभाग की लापरवाही ही बयां कर रहे हैं। पहली घटना भीड़भाड़ वाले गोल मैदान परिसर में पानी की टंकी के पास की है जहां मंगलवार दोपहर कई वर्ष पुराना एक पेड़ कार पर गिर गया। हालांकि इस हादसे में कोई हताहत तो नहीं हुआ मगर कार को काफी नुकसान पहुंचा हैं। 

वहीं दूसरी घटना कैंप 5 के गाऊन बाजार की है। गाऊन बाजार में आरती गाउन से आनंदपुरी साहेब दरबार की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। वहां नाला बनाने के लिए खड्डे खोदे गए हैं। मंगलवार दोपहर राकेश गिलानी जब खड्डा पार कर रहे थे तब उन्हें बिजली का करंट लगा और उनकी मौत हो गई।  हिल लाइन पुलिस इस मामले की जाँच कर रही है। अब ये हादसा है या किसी की लापरवाही इसका खुलासा पुलिस जाँच में ही सामने आएगा।





 



उल्हासनगर : 

उल्हासनगर शहर के सबसे व्यस्त नेहरू चौक पर मनपा के जलापूर्ति विभाग द्वारा समूचे सड़क पर पाइप लाइन के लिए खड्डा खोदा गया है तथा एक महीने हो गए मगर उन खड्डों को भरा नहीं है। इससे वहां दुर्घटनाएं हो रही है। साथ ही अभी मानसून का समय है और बरसात के चलते जब उक्त खड्डे में पानी भर जायेगा तब कोई बड़ी दुर्घटना भी घट सकती है। आश्चर्य की बात ये है कि मनपा का संबंधित विभाग इस ओर आँखें मुंद कर बैठा है।  आपको बता दें कि ये हमेशा से होता आया है जब सड़कों पर या सड़क किनारे किसी काम के लिए खड्डा तो कर दिया जाता है लेकिन उसे उचित ढंग से भरा नहीं जाता है। इससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे कई उदाहर शहर में देखे जा सकते हैं। यह सूचना समाज सेवक किशोर सजनानी ने एक वीडियो रिकोडिंग के माध्यम से दी।





 



डोंबिवली : 

डोंबिवली के खोणी पलावा की एक हाई प्रोफाइल सोसायटी में ऑर्डर किया गया खाना पार्सल ले जा रहे एक होटल संचालक को सुरक्षा गार्डों ने इमारत में प्रवेश करने से रोक दिया। इसी बात पर हुए विवाद में सुरक्षा गार्डों ने होटल संचालक की लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। इसका वीडियो अब वायरल हुआ है।  उधर खाना ऑर्डर करने वाली महिला ने सुरक्षा गार्डों को समझाने की कोशिश की लेकिन सुरक्षा गार्डों ने एक ना सुनी और उसकी पिटाई कर दी। 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पलावा सिटी डोंबिवली के पास खोणी गांव में स्थित है और अभिषेक जोशी का थालीवाली ढाबा नाम का होटल कुछ दूरी पर है। जोशी भी उसी पलावा सोसायटी की एक बिल्डिंग में रहते हैं। शनिवार रात करीब आठ बजे उन्हें पलावा की एक बिल्डिंग से खाने के पार्सल के लिए कॉल आई। अभिषेक अपने स्टाफ के साथ पार्सल लेकर संबंधित बिल्डिंग में आए। सुरक्षा गार्ड ने उन्हें अंदर जाने के लिए कहा। जब अभिषेक ने अपने कर्मचारी को अंदर जाने के लिए कहा तो सिक्योरिटी गार्ड अभिषेक से बहस करने लगा। इसी बीच अभिषेक ने ऊपर जाकर खाने का पार्सल दिया और नीचे आते समय सुरक्षा गार्डों ने उसे रोक लिया। कुछ ही देर में सुरक्षा गार्ड के अन्य साथी मौके पर आ गए और अभिषेक के साथ गाली-गलौज करने लगे। अभिषेक को चार-पांच सुरक्षा गार्डों ने जमकर पीटा। इस पिटाई में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच जिस महिला ने पार्सल ऑर्डर किया था। महिला ने बीच-बचाव करने की भी कोशिश की, लेकिन फिर भी इन सुरक्षा गार्डों ने अभिषेक की पिटाई कर दी।  पिटाई का वीडियो मोबाइल कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। अब अभिषेक ने मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है और मानपाड़ा पुलिस ने उनकी पिटाई करने वाले सुरक्षा गार्डों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।







 


कल्याण: 

कल्याण पूर्व में रहने वाले एक 25 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर को दो महिलाओं द्वारा ऑनलाइन नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 10 दिनों के अंदर 40 लाख 40 हजार 300 रुपया ठगने की घटना सामने आई है। कोलसेवाड़ी पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

मिली जानकारी के अनुसार कल्याण पूर्व में रहने वाला प्रतीक नाम का युवक सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। लगभग एक पखवाड़े पहले, जब प्रतीक घर पर था, प्रिया और अविका नाम की दो महिलाओं ने उसके मोबाइल फोन के जरिए उससे संपर्क किया। प्रतीक को बातों में उलझाकर उसे ऑनलाइन माध्यम से अंशकालिक नौकरी दिलाने का लालच दिया गया। प्रतीक ने इन महिलाओं के संपर्कों का जवाब दिया क्योंकि उसे घर से अंशकालिक नौकरी चाहिए थी। आरोपी महिलाओं ने व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए प्रतिक से संपर्क किया और उसे एक लिंक भेजा। इस लिंक के माध्यम से पैसा निवेश करने के लिए मजबूर किया। आरोपी प्रिया, अविका ने आश्वासन दिया कि जैसे-जैसे निवेश का गुणांक बढ़ेगा, आपको अधिक लाभ मिलेगा। इस तरह फर्जी महिलाओं ने उक्त लाखों रुपया उड़ा लिया। प्रतीक ने आरोपी महिलाओं से उस मुनाफे की मांग जब शुरू की तब उन महिलाओं ने प्रतीक से संपर्क करना बंद कर दिया। आख़िरकार प्रतिक को इस बात का एहसास हुआ कि उन महिलाओं ने उन्हें धोखा दिया है। जिसके बाद प्रतिक ने उन दोनों महिलाओं के खिलाफ कोलसेवाड़ी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।






 


उल्हासनगर: 

उल्हासनगर में मारपीट की घटना लगातार सामने आ रही है। शाम ढलते ही शहर की सड़कों पर आवारा किस्म के लड़के दहशत फ़ैलाने के उद्देश्य से मंडराने लगते हैं और मामूली बात पर सामने वाले पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर देते हैं। दरअसल गली का गुंडा बनने वाले ऐसे वारदातों को ज्यादा अंजाम दे रहे हैं जिससे चारों तरफ भय का माहौल है। ऐसी ही एक सनसनीखेज घटना सामने आई है जब बीच सड़क पर १० से १५ युवकों ने मिलकर २१ साल के युवक पर धारदार हथियार व लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर उसे अधमरा कर दिया। ये घटना शनिवार देर रात उल्हासनगर के कैंप तीन, सेक्शन २० परिसर की है। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उधर मध्यवर्ती पुलिस ने इस मामले में ६ युवकों को गिरफ्तार किया है।  बताया गया है कि गंभीर रूप से घायल अनिल कोली (२१) शनिवार रात कैंप तीन में छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर चाय पीने गया था।  वहां आरोपी अविनय अनिल शेख ने कोली से गुटखा माँगा। अनिल ने गुटखा देने से मना कर दिया। इसी बात पर उनके बीच वाद-विवाद हुआ और अविनय गाली गलोच करने लगा। जब चाय पीकर अनिल अपने घर की ओर जा रहा था तब सेक्शन २० परिसर में बीच सड़क पर अवि तथा उसके १० से १५ साथियों ने अनिल को रोक लिया और धारदार हथियार व लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में अनिल गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। उधर अनिल की शिकायत पर मध्यवर्ती पुलिस ने आरोपी अवि, संतोष, अर्जुन, साहिल आयुष तथा पवन झम्मा को गिरफ्तार कर लिया और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।






 




उल्हासनगर : 

भाजपा के पूर्व नगरसेवक महेश सुखरामनी लगातार अपने पैनल नंबर 6 में विकास कार्य करवा रहे हैं।  साथ ही महेश सुखरामानी अपने पैनल नंबर 6 में बारिश के चलते वार्ड वासियों को होने वाली समस्या का निवारण करवा रहे हैं। इस बीच कैंप दो, यात्री निवास गार्डन, शिवा टावर स्थित एम.एस ईबी का पोल झुकने की वजह से गिरने की कगार पर था। वहां के रहिवासियों को इससे परेशानी हो रही थी, जिसकी शिकायत लोगों ने जब महेश सुखरामानी से की तब उन्होंने तुरंत महावितरण के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सतीश कुलकर्णी से पत्र व्यवहार किया परिणामस्वरूप महावितरण के कर्मचारियों द्वारा समय रहते ही उक्त बिजली का खंभा को वहां से हटाया गया। 

इसके अलावा ओटी सेक्शन, बैरक नंबर 587 नियर ड्रीम हाईट बिल्डिंग स्थित पेड़ का हिस्सा गिरने के कगार पर था जिसकी शिकायत  वहां के रहिवासियों ने भाजपा नेता महेश सुखरामानी से की तब उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड से संपर्क कर उक्त समस्या का समाधान कराया ताकि स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या ना हों। 

इन दिनों प्रभाग में झूलेलाल स्कूल स्थित नया सीसी पैसेज रोड बनाने का कार्य भी उन्होंने शुरू करवाया है।

वहीं पैनल नंबर 6 में  बैरक नंबर 631, कारा हॉल स्थित महेश सुखरामानी के अथक प्रयासों से और महानगरपालिका के फंड से नाली तथा सीसी पैसेज का निर्माण कार्य किया जा रहा है। यानि कुल मिलाकर यही कह सकते हैं कि मनपा में प्रशासक राज रहने के बावजूद पूर्व नगरसेवक महेश सुखरामानी द्वारा अपने प्रभाग में लगातार विकास कार्य करवाया जा रहा है जिससे स्थानीय निवासी भी खुश हैं।

















उल्हासनगर:

हर साल की तरह इस साल भी २१ जून को अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस के अवसर पर उल्हासनगर के भाजपा विधायक कुमार आयलानी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शुक्रवार सुबह ६.३० बजे से सुबह ९.३० बजे तक कैंप एक, सेंचुरी रेयॉन कंपनी के पास, रीजेंसी एंटीलिया क्लब हाउस मैदान में आयोजित किया गया।  इस कार्यक्रम में राज्य के सार्वजनिक बांधकाम मंत्री रविंद्र चव्हाण मुख्य अतिथी उपस्थित रहें। इस अवसर पर २७ से अधिक विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी तथा करीब ५००० नागरिकों व विद्यार्थियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई। साथ ही भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रदीप रामचंदानी, पूर्व महापौर मीना कुमार आयलानी, महेश सुखरामनी, डॉ.प्रकाश नाथानी, राजू जग्यासी, मनोहर खेमचंदानी, अर्चना करनकाले, मंगला चांडा, राम चार्ली पारवानी, डॉ एस.बी.सिंग, राकेश पाठक, महेश देशमुख, लक्की नाथानी, हरेश भाटिया, उमेश पंडित आदि  उपस्थित रहे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ह्यूमन वेल्फेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलशन हरिसिंघानी ने भी शहरवासियों को शुभकामनाएं दी है।  आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष प्रयासों से भारत की प्राचीन स्वास्थ्य विद्या `योग को विश्व स्तर का दर्जा मिला और अब हर वर्ष २१ जून को अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस के रूप में मान्यता मिली, जिसके बाद भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में 'विश्व योगा दिवस' पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है।








उल्हासनगर:

मानसून की पहली दस्तक से ही उल्हासनगर पानी-पानी हो गया।  हर साल यही होता आया है जब नदी नालों की सफाई के मद में मनपा द्वारा करोड़ों रुपया तो खर्च किए जाता है मगर ये रूपये व्यर्थ साबित हो जाते हैं। हालांकि संबंधित विभाग के बाबुओं की नाला सफाई के नाम पर चांदी हो जाया करती है और इसका परिणाम भुगतती है शहर की लाखों जनता। इस साल भी यही नजारा दिख रहा है  लेकिन मनपा प्रशासन मानों नींद में है। पिछले साल के परिणाम से कोई सबक नहीं सीखती है। आपको ये जानकर आश्चर्य होगा कि हर साल उल्हासनगर में मानसून से पूर्व नदी नालों की सफाई का टेंडर मनपा निकालती है जो करोड़ों रुपयों के होते है। खास बात यह है कि हर साल बारिश में शहर डूबने के बावजूद एक ही ठेकेदार को ये नाला-सफाई का ठेका मिलता है।  जिससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि इसके पीछे क्या राज छिपा हो सकता है। बहरहाल आज जब मानसून ने अपनी दस्तक दी तब उल्हासनगर फिर पानी-पानी हो गया। बारिश से शहर के निचले इलाके तो जलमग्न हुए ही, साथ ही कई प्रमुख सड़कों पर पानी ही पानी नजर आ रहा है। नालों का गंदा पानी लोगों की दुकानों और घरों में घुसने से लोग परेशान दिखे। यानि नदी नालों की सफाई का जो दावा मनपा करती है वो पूरी तरह से खोखला साबित हुआ है। ऐसा नहीं है कि ये इस साल हुआ है हर साल की यही कहानी है मगर मनपा कोई सबक नहीं ले पा रही है या लेने की कोशिश कर रही है। आलम यह है कि नाला सफाई के नाम पर निकलने वाले टेंडर से संबंधित विभाग के बाबुओं की चांदी रहती है। आज हुई पहली बारिश में शहर में भारी जल जमाव हो गया। शांतिनगर कार बाजार, उल्हास-अंबरनाथ रोड, राधाभाई चौक से खत्री भवन, उल्हासनगर- ३, सीएचएम कॉलेज परिसर, नाना-नानी पार्क, गोल मैदान, सपना गार्डन से सिंधु भवन रोड, फर्नीचर मार्केट, कैंप एक में बालकृष्ण नगर, राजीव गांधी नगर, विदर्भ वाडी,नामदेव वाडी, खेमानी परिसर समेत अन्य इलाकों में जल भराव होने से लोग परेशान हैं।




 

उल्हासनगर : 

इन दिनों उल्हासनगर में गुंडागर्दी बढ़ने से लोगों के बीच भय का माहौल है। आये दिन सड़कों पर खुनी संघर्ष में लोग घायल हो रहे हैं।  मानो ऐसा लग रहा है कि गली के गुंडों को कानून का कोई खौफ नहीं है।  वे गुंडागर्दी को अंजाम देते हुए भाईगीरी पर उतर आये हैं।  आश्चर्य की बात ये है कि ऐसे गली के गुंडों को कुछ छूटभैये और स्वयंभू नेताओं का भी संरक्षण मिलने की बात कही जा रही है. ताजा मामला  कैंप दो, खेमानी के ओटी सेक्शन चौक पर हिमालय बार का है जहां देर रात पहले चखने को लेकर तीन युवकों ने हंगामा फिर बियर की बोतलो और पत्थरों से होटल पर हमला कर दिया। यह सारी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।  होटल मालिक नानिक आहूजा की शिकायत पर उल्हासनगर पुलिस ने राजू सरदार और उसके तीन साथियों ने खिलाफ शिकायत दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।  प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात हिमालय बार में राजू सरदार और उसके तीन साथियों ने तीन बीयर की बोतल खरीदी और चखना देने को लेकर उनका  मैनेजर के साथ विवाद हो गया।  इसके बाद राजू सरदार ने सोनू मरोठिया और अन्य दो साथियों के साथ मिलकर मैनेजर की पिटाई कर दी और उसके ऊपर बीयर की बोतल से हमला कर दिया।  इतना ही नहीं जाते-जाते उन्होंने बियर की बोतलो और पत्थरों से होटल पर हमला कर दिया।   नानिक आहूजा ने कहा कि अक्सर राजू सरदार उनके होटल पर आकर उनलोगों को तकलीफ देता है इसलिए उसके खिलाफ कड़ी से  कड़ी कार्रवाई करने की गुहार उन्होंने पुलिस प्रशासन से की है। 

आपको बता दें कि इससे पर कैंप दो में अब्दुल नाम के युवक पर १० से १५ युवकों ने मिलकर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया था और इस हमले में अब्दुल गंभीर रूप से घायल हुआ।  ऐसे और कई मामले सामने आ चुके हैं। बहरहाल शहर में बढ़ती गुंडागर्दी से लोगों के बीच भय का माहौल है।






उल्हासनगर : 

भारत सरकार के साथ पंजीकृत ग्राहक सेवा सामाजिक बहुउद्देशीय संगठन द्वारा संचालित उपभोक्ता संरक्षण समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आशाताई पाटिल ने ठाणे जिला कार्यकारिणी में सामाजिक क्षेत्र में अच्छी प्रतिष्ठा रखने वाले राजेंद्र माने को ठाणे जिला प्रमुख नियुक्त किया है. उक्त चयन हेतु महाराष्ट्र राज्य मार्गदर्शक विजयाताई शिंदे ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में उक्त अनुशंसा की थी।

चयन पत्र की घोषणा कर दी गई है और नासिक से ऑनलाइन पत्र के माध्यम से भेज दिया गया है। इस चयन पर आशाताई पाटिल, योगेश मालुंजकर, हर्षद गायधनी, ताराचंद ओसवाल, जुबेर शेख, कुणाल भोसले, अनील काटे, कोकण विभाग अध्यक्ष अनील सानप आदि ने श्री माने को शुभकामनाएं दीं।







उल्हासनगर:

 विधान परिषद के कोकण स्नात्तक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आगामी 26 जून को होने वाले चुनाव को लेकर कांग्रेस और महाविकास अघाड़ी के उम्मीदवार रमेश कीर तथा भाजपा उम्मीदवार निरंजन डावखरे के बीच जोरदार मुकाबला होने के कयास लगाए जा रहे हैं। महाविकास अघाड़ी के सभी घटक दलों कांग्रेस, शिवसेना (ठाकरे) तथा एनसीपी (शरद पवार) द्वारा रमेश कीर के समर्थन में जोरदार चुनाव प्रचार किया जा रहा है और उल्हासनगर में अधिक से अधिक मतदाता मतदान करें इसको लेकर प्रयास किये जा रहे हैं। इस बीच रविवार को महाविकास अघाड़ी द्वारा उल्हासनगर के नेहरू चौक स्थित कांग्रेस मुख्यालय में एक बैठक का आयोजन किया गया जिसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। इस दौरान टीम ओमी कालानी की ओर से कांग्रेस महाविकास अघाड़ी उम्मीदवार रमेश कीर के लिए अपने समर्थन की घोषणा की गई। एनसीपी के पूर्व नगरसेवक और प्रवक्ता मनोज लासी ने आरोप लगाते हुए कहा कि निरंजन डावखरे दो बार चुनाव जीते हैं लेकिन उल्हासनगर के लिए उन्होंने कोई भी काम नहीं किया है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रोहित साल्वे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने एक अनुभवी उम्मीदवार को टिकट दिया है। हमारे उम्मीदवार रमेश कीर को ४० वर्षों का अनुभव है. उन्होंने शिक्षा तथा अन्य क्षेत्र में कई काम किए हैं। इस दौरान एनसीपी के मनोज लासी, अजित माखीजानी, होशियार सिंह लबाना, कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष किशोर धडके, नानिक आहूजा, कुलदीप आयलसिंघानी, शिवसेना नेता राजेंद्र साहू, दिलीप मिश्रा समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।






उल्हासनगर:

विधान परिषद के कोकण स्नात्तक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आगामी 26 जून को होने वाले चुनाव को लेकर भाजपा उम्मीदवार निरंजन डावखरे के चुनाव प्रचार को लेकर उल्हासनगर में भाजपा द्वारा जोर शोर से प्रचार अभियान चलाया जा रहा है।  विधायक कुमार आयलानी ने सेंचुरी रेयॉन कंपनी के अध्यक्ष दिग्विजय पांडे तथा उपाध्यक्ष श्रीकांत गोरे से मुलाकात कर भाजपा के उम्मीदवार निरंजन डावखरे को उन्हें भारी बहुमत से जितवाने की अपील की। इस अवसर पर विधायक कुमार आयलानी, सौरव मिश्रा, उमेश सोनार, उमेश पंडित आदि उपस्थित रहे।  वहीं  सोमवार को भाजपा नेता व महाराष्ट्र राज्य सिंधी साहित्य अकादमी के कार्याध्यक्ष महेश सुखरामानी के कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार निरंजन डावखरे को विजय बनाने हेतू 26 जून को होने वाले चुनाव के दिन कैसे वोट करना है और सभी नियमों के संदर्भ में बताया गया ताकि मतदाता उचित तरीके से मतदान कर पाएँ। वहीं धुलिया जिला के दोंडाईचा शहर से भाजपा के नगरसेवक जितेंद्र गिरासे और शिंदखेड़ा शहर के भाजपा जिला सचिव प्रवीण माली, महाराष्ट्र राज्य सिंधी साहित्य अकादमी के कार्याध्यक्ष महेश सुखरामानी के कार्यालय में आए थे। सभी लोगो ने विधान परिषद चुनाव को लेकर चर्चा की। इस बैठक में निरंजन डावखरे के प्रतिनिधि सौरभ मिश्रा की पूरी टीम और कई मतदाता शामिल रहे। उधर उल्हासनगर भाजपा ज़िला व्यापारी सेल के ज़िलाध्यक्ष जगदीश तेजवानी भी अपनी पूरी टीम के साथ के निरंजन डावखरे को जिताने के लिए जी जान से जुटे हैं। इस बाबत उन्होंने अपने कार्यालय में एक बैठक आयोजित कर मौजूद अपने पदाधिकारियों से हर एक वोटर तक पहुंचने और विधायक निरंजन डावखरे द्वारा अबतक किये गए जनहित कार्यों को उन मतदाताओं तक पहुंचाने का निर्देश दिया। इस बैठक में ज़िलाध्यक्ष जगदीश तेजवानी, दिनेश पंजाबी, दिनेश मीरचंदानी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्त्ता और पदाधिकारी मौजूद थे।













उल्हासनगर:

उल्हासनगर में अधिकांश क्षेत्र ऐसे हैं जहां बड़ा-बड़ा नाला खुला हुआ है और इसके आस-पास बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। बरसात के समय नालों के ऊपर से पानी बहता है जिससे नाले दिखते ही नहीं हैं।  अगर कभी वहां बड़ा हादसा हुआ तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? ऐसा सवाल जागरूक लोगों द्वारा उठाया जा रहा है।  लोगों का कहना है कि शहर के अधिकांश इलाकों में बड़े-बड़े नालों के बगल में लोगों की झुग्गी झोपड़ियां हैं और वहां लोग रहते हैं।  बरसात के समय नाले ओवरफ्लो हो जाते हैं जिससे नालों के ऊपर से पानी बहता है।  ऐसा ही एक बड़ा नाला है विट्ठलवाडी क्षेत्र में प्रवीण इंटरनेशनल होटल वाली लाइन में शांति नगर एरिया। बारिश में हर बार इस परिसर में बाढ़ आती है जिससे नाला के ऊपर से पानी बहता है।  अब सवाल ये उठता है कि  तेज बहाव के चलते कोई बड़ा हादसा हो गया तो इसका जिम्मेदार कौन होगा ? क्योंकि मुंबई में ऐसे कई हादसे सामने आ चुके हैं। इसलिए जागरूक लोगों की ये मांग है कि उल्हासनगर मनपा प्रशासन को ऐसे नालों को लेकर गंभीरता से ऐसी उपाय योजना करने की जरूरत है ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।



मुंबई:

महाराष्ट्र विधानमंडल का मानसून सत्र 27 जून से 12 जुलाई तक होगा। यह निर्णय शुक्रवार को बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (बीएसी) की बैठक में लिया गया।  इस बात की जानकारी एक अधिकारी ने दी। उन्होंने बताया कि बजट 28 जून को पेश किया जाएगा। अंतरिम बजट लोकसभा चुनाव के कारण फरवरी में पेश किया गया था।  महाराष्ट्र विधानमंडल का यह सत्र राज्य में सितंबर-अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आखिरी सत्र होगा। महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद अब सभी पार्टियां विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। चुनाव में अब बहुत ही कम वक्त बचा हैं  कुल मिलाकर तीन या चार महीने का समय है।  राज्य में इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा महायुति का प्रदर्शन खराब रहा। महायुति में शामिल गठबंधन दलों के कई नेताओं का मानना है कि 400 पार वाले नारे के चलते विपक्ष ने गलत नैरेटिव सेट किया और लोगों के बीच भ्रम फैलाया गया कि ये सब बीजेपी संविधान बदलने के लिए कर रही है।  मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हाल में कहा था कि 400 पार वाले नारे की वजह से नुकसान हुआ क्योंकि विपक्ष ने लोगों के बीच संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने का भ्रम फैलाया। उधर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मुखपत्र ऑर्गेनाइजर ने अजित पवार गुट की एनसीपी से गठबंधन को हार का जिम्मेदार ठहरा दिया और कहा कि इससे बीजेपी की ब्रांड वैल्यू कम हुई।











उल्हासनगर : 

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के शिष्टमंडल ने उल्हासनगर मनपा के आयुक्त अजीज शेख से मुलाकात कर मनपा के प्रभाग क्रमांक 18 में दस चाल, डिफेंस कॉलोनी, महात्मा फुले कॉलोनी, नालंदा स्कूल क्षेत्र, भीम शक्ति नगर, आम्रपाली नगर, पंडित चशिल नगर, साईबाबा नगर, कानसई रोड, भारतनगर, राजपूत लाइन समेत अन्य क्षेत्रों में कम दबाव तथा अनियमित रूप से जलापूर्ति को लेकर अपना कड़ा विरोध व्यक्त किया। मनसे के जिला अध्यक्ष बंडू देशमुख ने आयुक्त को बताया कि मनसे द्वारा विगत कई साल से उक्त क्षेत्रों में पानी की गंभीर समस्या को लेकर मनपा प्रशासन से बार-बार संपर्क करने के बावजूद प्रशासन ने इस क्षेत्र में पानी की आपूर्ति को लेकर कोई सुधार नहीं किया है।   बंडू देशमुख ने आयुक्त अजीज शेख को बताया कि उल्हासनगर मनपा के जलापूर्ति विभाग द्वारा उक्त क्षेत्र में पानी की अनियमित आपूर्ति के कारण वहां के नागरिकों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जिला अध्यक्ष बंडू देशमुख तथा शहर अध्यक्ष संजय घुगे ने मनपा प्रशासन पर आरोप लगाया कि आपके अधिकारी समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उल्हासनगर मनपा ने इस क्षेत्र के नागरिकों को पानी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कुछ साल पहले लाखों रुपये की लागत से उल्हासनगर 4 में लालचक्की वॉटर सप्लाई में एक पानी की टंकी का निर्माण किया था, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से इसमें पानी नहीं भरा जा रहा है। यदि यह पानी की टंकी को शुरू नहीं करना था तो प्रशासन ने इस पर लाखों रुपये क्यों खर्च किये।  बंडू देशमुख ने आयुक्त तथा अतिरिक्त आयुक्त को चेतावनी दी कि प्रभाग क्रमांक 18 में पानी की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाये नहीं तो मनसे स्टाइल में आंदोलन किया जायेगा।  आयुक्त से मुलाकात के समय मनसे के शहर अध्यक्ष संजय घुगे, उपशहर अध्यक्ष सचिन बेंडके, शैलेश पांडव, विभाग अध्यक्ष अक्षय धोत्रे समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।






 




उल्हासनगर : 

आज डीसीपी कार्यालय उल्हासनगर ज़ोन 4 में ठाणे पुलिस आयुक्तालय ज़ोन 4 उपायुक्त डॉ सुधाकर पठारे ने आज अपने कार्यालय में शांतता समिति की बैठक का आयोजन किया जिसमें नागरिक सुविधा के लिये सदैव तत्पर पुलिस विभाग व सरकार की तरफ़ से समय समय पर दिशानिर्देश जारी किए जाते हैं व आम जनता तक सरकारी सुविधाओं की जानकारी अग़र कोई भी संकट समय आये या अनहोनी घटे तो कैसे संपर्क करें व विशेष रूप से आनेवाली ईद के मौके पर कैसे साम्प्रदायिक सौहार्द बना रहे इस पर चर्चा हुईं सभी को सरकारी दिशानिर्देशों की जानकारी दी व शांति बनी रहे ऐसी कामना की व सोशल मीडिया पर क़ोई ग़लत जानकारी आये तो स्थानीय पुलिस को संपर्क करें या जानकारी दे।

इस शांतता समिति की बैठक में उल्हासनगर व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश तेजवानी, विजय भाटिया ,महेश पुरस्वानी ,परमानंद गेरेजा , हरेश भाटिया , पप्पू पल्लवी , सन्नी जाधवानी सहित कई पुलिस अधिकारी व उल्हासनगर अम्बरनाथ बदलापुर के कई सामाजिक संस्थाओ के पदाधिकारी व सदस्यों के साथ विभिन्न पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे ।





 



उल्हासनगर : 

लोगों को साफ और स्वच्छ पानी देने के लिए उल्हासनगर महानगरपालिका प्रशासन द्वारा अरबों रुपया खर्च करने के बावजूद लोगों को ना तो स्वच्छ पानी मिल पा रहा है और न ही समय पर नलों में पानी आ रहा है। हर साल बरसात आते ही दूषित जलापूर्ति से लोगों को पानी पीना भी दुश्वार हो जाता है।  पानी की पाइप लाइन बदलने के बावजूद हर रोज हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है साथ ही लोगों के घरों तक दूषित पानी आ रहा है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर का विकास करवाने का दावा करने वाले लोग इस मूलभूत सुविधा को लेकर कितने गंभीर हैं।  यहां सवाल ये उठता है कि जब लोगों को साफ और स्वच्छ पानी देने में या दिलवाने में शासन-प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है तो फिर विकास कैसे होगा।  बस केवल करोड़ों रुपया इन सब मुद्दों में खर्च कर अपना पल्ला झाड़ना यही शासन-प्रशासन का काम रह गया है।  यह देखने वाला या बोलने वाला कोई नजर नहीं आ रहा है कि प्रशासन से ये सवाल पूछे कि जब अरबों रुपया नियमित रूप से स्वच्छ पानी देने के नाम पर खर्च किये गए हैं या अभी भी विभिन्न वार्डों में हो रहे हैं तो ऐसी समस्या क्यों है ?








 



उल्हासनगर: 

उल्हासनगर शहर के विकास करवाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे एनसीपी के शहर अध्यक्ष भरत गंगोत्री अब विधानसभा चुनाव लड़ने के मूड में नजर आ रहे हैं।  हालांकि उनका कहना है कि अगर पार्टी ने उन्हें उल्हासनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए कहा तो वे जरूर चुनाव लड़ेंगे।  आपको बता दें कि विगत कई वर्षों से पूर्व नगरसेवक भरत गंगोत्री अपने प्रभाग समेत समूचे शहर में विकास कार्य करवाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। पिछले साल उन्होंने उपमुख्यमंत्री अजित पवार से अपने प्रभाग और उसके आस-पास के क्षेत्रों के विकास के लिए 25 करोड़ की निधि लाकर विकास काम करवाया है। जो अबतक किसी भी नगरसेवकों द्वारा इतनी बड़ी राशि नहीं लाई गई है।  भरत गंगोत्री एक सुलझा हुआ और मृदुभाषी नेता के रूप में विख्यात हैं। साथ ही लोगों के सुख दुःख में हमेशा शामिल होते आए हैं।  शहर की डर्टी पॉलटिक्स से दूर केवल अपने प्रभाग और अपने शहर के विकास पर ही उन्होंने अपना ध्यान केंद्रित किया हुआ है। बहरहाल शहर को विकसित करवाने के उद्देश्य से अब भरत गंगोत्री ने भी विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है मगर उनका ये स्पष्ट कहना है कि पक्ष प्रमुख और उपमुख्यमंत्री अजित पवार उन्हें अगर आदेश देंगे तभी वे विधानसभा चुनाव में खड़ा होंगे।







 


उल्हासनगर: 

 मंगलवार को एक ट्रक चालक ने सड़क पर जा रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति के जान ले ली। इस घटना से स्थानीय परिसर में हड़कंप मच गया।  यह घटना सीसीटीवी में भी कैद हुआ है। जिसमें दिख रहा है कि ठीक से पैदल चलने से लाचार बुजर्ग व्यक्ति बड़ी मुश्किल से सड़क पार करने की कोशिश कर रहे हैं मगर नियति को कुछ और ही मंजूर था। यह घटना उल्हासनगर के कैंप एक, गोल मैदान परिसर में सच्चु केबल के दफ्तर के पास की है जब एक बुजुर्ग व्यक्ति पैदल सड़क पर जा रहे थे तभी एक ट्रक चालक ने उन्हें कुचल दिया जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी उल्हासनगर पुलिस को दी। पुलिस वहां पहुंची और बुजुर्ग व्यक्ति को सेंट्रल हॉस्पिटल लेकर गई। डॉक्टरों ने वहां बुजर्ग व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। इस बीच पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया और आगे की जाँच कर रही है।

MKRdezign

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget